संतोष उपाध्याय
उत्तर प्रदेश । देश में कोरोना के मामले लगातार घट रहे हैं, लेकिन दो राज्यों ने चिंता बढ़ा रखी है। केरल, महाराष्ट्र और कर्नाटक को छोड़ दें, तो सभी राज्यों में एक्टिव केस (जिनका इलाज चल रहा है) 5 हजार से कम हैं। देश में कुल एक्टिव केस 1.33 लाख हैं। इनमें 77.90% मामले केरल (63,958), महाराष्ट्र (31,474) और कर्नाटक (5925) में हैं।
टेस्ट पॉजिटिविटी रेट की बात करें, तो देश में यह आंकड़ा कम होकर अब 5.3% तक पहुंच गया है। वहीं, महाराष्ट्र में यह नेशनल एवरेज से दोगुना से भी ज्यादा है। यहां अभी भी संक्रमण दर 13.5% है, यानी हर 100 टेस्ट में से 13 या 14 लोगों में कोरोना की पुष्टि हो रही है। इसके अलावा गोवा में यह दर 11.5%, नगालैंड और केरल में पॉजिटिविटी रेट 9.5% है।
शुक्रवार को 12 हजार से ज्यादा केस और 100 से ज्यादा मौतें
शुक्रवार को देशभर में 12,137 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए और 104 लोगों ने जान गंवाई दी। इस दौरान 11 हजार 358 लोग ऐसे रहे, जो रिकवर हुए। अब तक 1 करोड़ 8 लाख 92 हजार से ज्यादा लोग कोरोना संक्रमित पाए जा चुके हैं। इनमें 1 करोड़ 5 लाख 98 हजार से ज्यादा लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 1 लाख 55 हजार 588 मरीजों की मौत हो गई है। अभी 1 लाख 33 हजार 751 मरीजों का इलाज चल रहा है।
कोरोना अपडेट्स
देश में कोरोना वैक्सीनेशन को 28 दिन पूरे हो चुके हैं। 16 जनवरी से शुरू हुए वैक्सीनेशन प्रोसेस के तहत अब तक 77.66 लाख लोगों को कोरोना का टीका लगाया जा चुका है। शुक्रवार शाम 6 बजे तक जिन 77 लाख 66 हजार 319 लोगों को वैक्सीन दी गई, उनमें 58 लाख 65 हजार 813 हेल्थकेयर और 19 लाख 506 फ्रंटलाइन वकर्स शामिल हैं।
देश में अब तक तय लक्ष्य के 58.9% हेल्थकेयर और 21.2% फ्रंटलाइन वकर्स को टीका लगाया जा चुका है। बिहार में सबसे ज्यादा 80.2% हेल्थकेयर वर्कर्स को वैक्सीन की पहली डोज दी गई। वहीं, मध्यप्रदेश में यह आंकड़ा 75.8% है। राजस्थान में अब तक 70.2% हेल्थकेयर वर्कर्स को टीका लगाया जा चुका है।
आईसीएमआर के एपिडेमोलॉजिस्ट और कम्यूनिकेबल डिसीज के वैज्ञानिक डॉ. समीरन पांडा ने चेतावनी दी है। कहा, ‘राष्ट्रीय सीरो सर्वे से यह स्पष्ट है कि अभी भी देश में करीब 75% लोगों के लिए खतरा टला नहीं है।’ अभी कुल मरीजों में महज एक लाख 43 हजार (1.32%) ही सक्रिय मरीज हैं। बीते एक हफ्ते में हुई औसत मौतें देखी जाएं, तो यह संख्या भी 96 तक सिमट गई है।
5 राज्यों का हाल
- दिल्ली
यहां शुक्रवार को 141 नए मरीज मिले। 136 मरीज ठीक हुए और तीन लोगों की मौत हुई। अब तक 6.36 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 6.24 लाख मरीज ठीक हो चुके हैं, जबकि 10,889 मरीजों की मौत हो चुकी है। 1053 मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है। - मध्यप्रदेश
यहां शुक्रवार को 161 नए मरीज मिले। 218 मरीज ठीक हुए और एक ने जान गंवाई। अब तक 2.57 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 2.51 लाख मरीज ठीक हो चुके हैं, जबकि 3,829 मरीजों की मौत हो चुकी है। 1862 मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है। - गुजरात
यहां शुक्रवार को 268 नए मरीज मिले। 281 मरीज ठीक हुए और एक लोगों की मौत हुई। अब तक 2.64 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 2.58 लाख मरीज ठीक हो चुके हैं, जबकि 4,400 मरीजों की मौत हो चुकी है। 1,767 मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है। - राजस्थान
यहां शुक्रवार को 108 नए मरीज मिले। 85 मरीज ठीक हुए और एक ने जान गंवाई। अब तक 3.18 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 3.14 लाख मरीज ठीक हो चुके हैं, जबकि 2,780 मरीजों की मौत हो चुकी है। 1,407 मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है। - महाराष्ट्र
यहां शुक्रवार को 3670 नए मरीज मिले। 2422 मरीज ठीक हुए और 36 ने जान गंवाई। अब तक 20.56 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 19.72 लाख मरीज ठीक हो चुके हैं, जबकि 51,451 मरीजों की मौत हो चुकी है। 30,474 मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है।